वाढवण बंदर में लघु उद्योगों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दें – विधायक विलास तरे
जे.एन.पी.ए. अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आई.ए.एस. गौरव दयाल से की प्रत्यक्ष मुलाकात
नवी मुंबई / पालघर। (प्रतिनिधि) – प्रस्तावित वाढवण बंदर परियोजना के अंतर्गत लघु एवं सहायक कार्यों में स्थानीय भूमिपुत्रों, आदिवासियों तथा परियोजना प्रभावित नागरिकों को प्राथमिकता दी जाए, ऐसी मांग बोईसर विधानसभा के विधायक विलास तरे ने जे.एन.पी.ए. अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आई.ए.एस. गौरव दयाल (वधावन बंदर प्राधिकरण) से प्रत्यक्ष मुलाकात कर लिखित निवेदन सौंपते हुए की।
इस अवसर पर विधायक तरे ने कहा कि, पालघर जिले में प्रस्तावित वाढवण बंदर देश की दृष्टि से अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं विकासोन्मुख परियोजना है तथा इस परियोजना का बड़ा हिस्सा मेरे बोईसर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है। इस परियोजना के कारण क्षेत्र के अनेक गांवों के स्थानीय नागरिकों, आदिवासी भाइयों, मछुआरा समुदाय तथा अन्य परियोजना प्रभावित परिवारों पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने वाला है।
वाढवण बंदर परियोजना के निर्माणकाल तथा भविष्य में परियोजना से संबंधित विभिन्न लघु, सहायक एवं पूरक कार्यों के बड़े पैमाने पर अवसर उपलब्ध होंगे। इनमें परिवहन, सुरक्षा, स्वच्छता, रखरखाव, कार्यालयीन सहायता, निर्माण कार्यों से संबंधित लघु ठेका कार्य, सामग्री आपूर्ति, मशीनरी सहायता, भोजन व्यवस्था, लॉजिस्टिक सेवाएं तथा अन्य विभिन्न सेवा क्षेत्रों में रोजगार एवं व्यवसाय के अवसर उपलब्ध होंगे। इन सभी कार्यों में स्थानीय भूमिपुत्रों, आदिवासी युवक-युवतियों, बेरोजगार युवाओं तथा परियोजना प्रभावित परिवारों को प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है।
विकास की दृष्टि रखने वाले स्थानीय नागरिकों ने इस परियोजना के लिए सकारात्मक भूमिका अपनाई है तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए परियोजना से उत्पन्न होने वाले रोजगार एवं व्यावसायिक अवसरों का लाभ सर्वप्रथम उन्हें मिलना अपेक्षित है। इसलिए वाढवण बंदर से संबंधित सभी विभागों, ठेकेदार संस्थाओं एवं एजेंसियों को आवश्यक निर्देश देकर लघु एवं सहायक कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने संबंधी स्पष्ट नीति अपनाई जाए, ऐसी मांग विधायक विलास तरे ने जे.एन.पी.ए. अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आई.ए.एस. गौरव दयाल से प्रत्यक्ष मुलाकात कर लिखित निवेदन के माध्यम से की है।
इस दौरान जे.एन.पी.ए. अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आई.ए.एस. गौरव दयाल ने कहा कि स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने के संबंध में आवश्यक सभी उपाय किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय युवाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण एवं रोजगार योग्य बनाने के लिए विशेष उपक्रम चलाए जा रहे हैं। इससे परियोजना के प्रति स्थानीय लोगों में विश्वास निर्माण करने में सहायता मिलेगी तथा परियोजना और स्थानीय समाज के बीच समन्वय एवं सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करने का हमारा उद्देश्य है, ऐसा दयाल ने कहा।
No comments:
Post a Comment