लंदन की लेडी मेयर डेम सुसान लैंगली ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से की शिष्टाचार भेंट
· उत्पादन क्षेत्र के साथ-साथ ‘एज्युसिटी’ और ‘मेडीसिटी’ जैसी अवधारणाओं में अवसरों पर विशेष जोर
• मुंबई–लंदन सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
मुंबई, 29 अप्रैल : सिटी ऑफ लंदन कॉपोरेशन की लेडी मेयर डेम सुसान लैंगली तथा यूके के प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके आधिकारिक निवास ‘वर्षा’ पर शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान मुंबई और महाराष्ट्र में निवेश के अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में यह रेखांकित किया गया कि महाराष्ट्र निवेश के लिए एक अग्रणी केंद्र है। उत्पादन क्षेत्र के साथ-साथ ‘एज्युसिटी’ और ‘मेडीसिटी’ जैसी नई अवधारणाओं में अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
डेम सुसान लैंगली ने कहा कि लंदन वैश्विक स्तर पर पूंजी जुटाने का एक महत्वपूर्ण केंद्र है और महाराष्ट्र के उद्योगों के लिए अंतरराष्ट्रीय विस्तार हेतु एक विश्वसनीय मंच बन सकता है।
उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि भारत–यूके मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की हाल ही में मुंबई यात्रा के दौरान उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों के साथ हुई चर्चाओं का सकारात्मक प्रभाव अब निवेश प्रस्तावों के रूप में दिखाई देने लगा है।
वैश्विक शहरों मुंबई और लंदन के बीच सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक संरचित संवाद तंत्र स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। भारत–यूके मुक्त व्यापार समझौते की पृष्ठभूमि में उद्योग, बुनियादी ढांचा और सतत वित्तीय क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
दोनों पक्षों ने भविष्य में और व्यापक सहयोग के अवसर तलाशने के प्रति सकारात्मक रुख व्यक्त किया।
No comments:
Post a Comment