महा स्माइल्स’ अभियान से विदर्भ के मासूम चेहरों पर फिर खिलेगी मुस्कान
– मुख्यमंत्री के संवेदनशील पहल से यह संभव
मुंबई, दिनांक 27 : बच्चों के चेहरे पर जन्म से होने वाले विकार जैसे फटे होंठ (क्लेफ्ट) और तालु (पैलेट) की सर्जरी व जनजागरण के माध्यम से मासूम चेहरों पर मुस्कान लौटाने का कार्य ‘महा स्माइल्स’ अभियान और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संवेदनशील पहल के कारण संभव हो पाया है। मुख्यमंत्री श्री. फडणवीस का यह एक महत्वपूर्ण लक्ष्य है, और इसी उद्देश्य से उन्होंने विदर्भ के ऐसे बच्चों के इलाज व जागरूकता अभियान के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग की अपील की थी।
मुख्यमंत्री फडणवीस की इस अपील पर 'स्माइल ट्रेन इंडिया' नामक अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवी संस्था और बजाज फिनसर्व की शेफाली बजाज ने सकारात्मक प्रतिसाद दिया। इसके चलते यह सपना अब मिशन मोड में साकार होता दिखाई दे रहा है।
‘स्माइल ट्रेन इंडिया’ और बजाज फिनसर्व की सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) की भावना से यह अभियान पूरी तरह से नि:शुल्क चलाया जाएगा। ‘महा स्माइल्स – क्लेफ्ट जागरूकता और उपचार अभियान’ केवल एक चिकित्सा योजना नहीं, बल्कि हजारों बच्चों को नया जीवन देने वाली एक आशावादी सामाजिक मुहिम बनने जा रही है। इस विशेष अभियान का शुभारंभ नागपुर में 31 जुलाई 2025 को प्रातः 11 से दोपहर 12:30 बजे तक स्वामी विवेकानंद मेडिकल मिशन हॉस्पिटल, खापरी में किया जाएगा। इस पहले चरण में आगामी 90 दिनों के दौरान तीन विशेष मोबाइल वैन विदर्भ के 11 जिलों में भ्रमण कर लोगों को क्लेफ्ट विकार के बारे में जानकारी देंगी। इसमें प्रारंभिक निदान, उपचार की सिफारिश और ज़रूरतमंद बच्चों के लिए मुफ्त शल्यचिकित्सा की पंजीकरण सुविधा जैसे उपक्रम शामिल होंगे। सर्जरी नागपुर, गोंदिया, अकोला और वर्धा के अस्पतालों में की जाएगी।
No comments:
Post a Comment