इतिहास रचने वाले खिलाड़ियों की स्मृतियों को सहेजने की पहल अभिनव
– मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
वानखेडे स्टेडियम में स्टैंड और गेट के नामकरण समारोह में क्रिकेट दिग्गजों का सम्मान
मुंबई, 9 अप्रैल : मुंबई क्रिकेट असोसिएशन द्वारा अपने प्रतिष्ठित खिलाड़ियों के योगदान को सम्मानित करने और इतिहास रचने वाले खिलाड़ियों की स्मृतियों को सहेजने की पहल अत्यंत सराहनीय है, ऐसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा। उन्होंने कहा कि वानखेड़े स्टेडियम जैसे ऐतिहासिक स्थल पर इस प्रकार का सम्मान सबसे उपयुक्त है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के करकमलोंद्वारा स्टेडियम के गेट का नामकरण एकनाथ सोलकर, डायना एडुलजी और दिलीप सरदेसाई के नाम पर किया गया, जबकि रवी शास्त्री के नाम पर स्टैंड का उद्घाटन किया गया।
इस समारोह में सांस्कृतिक कार्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री आशिष शेलार, क्रिकेट दिग्गज सुनिल गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, रवि शास्त्री, डायना एडुलजी और सुर्यकुमार यादव सहित अंजिक्य नाईक, जितेंद्र आव्हाड, उन्मेष खानविलकर, अरमान मलिक, अभिनेता जॅकी श्रॉफ तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने सुनिल गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर एकनाथ सोलकर, डायना एडुलजी और दिलीप सरदेसाई और रवी शास्त्री के योगदान का विशेष उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि सुनील गावस्कर ने बिना हेलमेट के तेज गेंदबाजों का सामना कर भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी, वहीं दिलीप वेंगसरकर ने कठिन परिस्थितियों में टीम को संभालने की भूमिका निभाई।
एकनाथ सोलकर की अद्भुत फील्डिंग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के आधुनिक दौर में भी उनकी फील्डिंग बेजोड़ रहती। साथ ही, दिलीप सरदेसाई के विदेशों में प्रदर्शन ने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाई।
महिला क्रिकेट में डायना एडुलजी के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने महिला क्रिकेट की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। वहीं, रवि शास्त्री की खिलाड़ी, कोच और कमेंटेटर के रूप में बहुआयामी भूमिका की भी प्रशंसा की।